बरेली : शहर के पुराने रोडवेज बस अड्डे पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री अचानक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बमनपुरी निवासी कैलाश गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कैलाश गुप्ता अपनी बहन और भांजे के साथ काशीपुर जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे। यहां उनके रिश्तेदार के घर शादी का कार्यक्रम था।
कुछ सेकंड में बिगड़ी तबीयत, जान नहीं बच सकी
भांजे पंकज के अनुसार, तीनों लोग ई-रिक्शा से उतरकर बस का इंतज़ार कर ही रहे थे कि तभी कैलाश गुप्ता अचानक नीचे गिर पड़े। परिजनों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया और कुछ ही पलों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्टैंड पर मौजूद लोग मदद के लिए जुटे, लेकिन उनकी हालत नाजुक होने के कारण बचाया नहीं जा सका।
रोडवेज प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी
प्रभारी एआरएम प्रियांशु पाठक ने बताया कि यात्री के अचानक गिरने की सूचना मिलते ही स्टाफ ने तुरंत पुलिस और उच्च अधिकारियों को खबर दी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार के अनुसार मृतक पहले से बीमार थे, और हार्ट अटैक ही मौत की मुख्य वजह बताई जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद बस अड्डे का माहौल तनावपूर्ण रहा। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
