लखनऊ : लखनऊ में शुक्रवार सुबह एक छठी क्लास के छात्र की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक छात्र अमेश सिंह उर्फ आरव महानगर के मोंट फोर्ट इंटर कॉलेज में पढ़ता था। जानकारी के मुताबिक, आरव कॉलेज में परीक्षा दे रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अपनी सीट से बेहोश होकर गिर पड़ा।
कॉलेज के शिक्षक तुरंत उसे भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र को CPR देकर बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। डॉक्टरों ने आरव को ‘ब्रॉट डेड’ डिक्लेयर किया, यानी छात्र अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत था।
BRD अस्पताल महानगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत दीक्षित ने बताया कि 11 बजकर 5 मिनट पर अचेत अवस्था में आरव को अस्पताल लाया गया था। इमरजेंसी विभाग के डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन छात्र की जीवन रक्षा संभव नहीं हो सकी। इस घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के पिता, संदीप सिंह, जो जानकीपुरम के निवासी हैं, मौके पर पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से परिवार और स्कूल में मौजूद सभी लोग गहरे सदमे में हैं।
मृत्यु का असली कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। विशेषज्ञों का कहना है कि हार्ट अटैक की पुष्टि और मौत के पीछे के कारण डेथ ऑडिट के बाद ही सामने आएंगे। स्कूल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने इस दुखद घटना को लेकर शोक व्यक्त किया है। आरव की अचानक और असमय मौत ने पूरे स्कूल और उसके साथ पढ़ रहे छात्रों को शोक में डुबो दिया है। परिवार और शिक्षक इस दुखद घटना से बेहद आहत हैं।
