बरेली: कलेक्ट्रेट गेट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला को उसका ही रिश्ते का भतीजा रोककर प्रेम का इज़हार करने लगा। कुछ ही मिनटों में माहौल इतना गर्म हो गया कि पूरी सड़क तमाशा बन गई और भीड़ जुटते ही पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।
महिला दूसरी शादी कर चुकी, भतीजा ‘प्यार’ जताने पहुंचा
भमोरा के बलिया गांव निवासी सत्येंद्र सिंह ने करीब एक महीने पहले फरीदपुर की रहने वाली राजवती से शादी की थी। राजवती अपनी दो बेटियों और मां सोमा देवी के साथ किसी काम से कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। तभी अचानक वहां पहुंचा आकाश-जो रिश्ते में राजवती का भतीजा बताया जा रहा है और सूरत से सीधे उसके पीछे-पीछे आया था। गवाहों के मुताबिक, आकाश ने आते ही राजवती को सड़क पर रोक लिया और धमकी भरे अंदाज में बोला कि सत्येंद्र को छोड़ दो, वरना तुम दोनों की जिंदगी बरबाद कर दूंगा। महिला के इनकार करते ही आकाश भड़क गया और सड़क पर ही चिल्लाने लगा।
कलेक्ट्रेट गेट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, जुटी भारी भीड़
कुछ ही मिनटों में पूरा कलेक्ट्रेट गेट अखाड़ा बन गया। आकाश राजवती को अपनी बताने पर अड़ा था, जबकि सत्येंद्र गुस्से में खड़ा था और मां सोमा देवी बीच-बचाव करते-करते परेशान हो गईं। स्थिति बिगड़ती देखकर किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को थाने ले गई।
थाने में खुली दो अलग-अलग कहानियाँ
थाने में राजवती ने बताया कि उसका पहला पति उसे काफी परेशान करता था, इसलिए जान बचाकर वह घर से निकल गई। स्टेशन पर सत्येंद्र मिले जिन्होंने सहारा दिया और शादी कर ली। राजवती का आरोप है कि आकाश पहले से गलत नजर रखता था और आज भी वही करने आया है। दूसरी तरफ आकाश का बयान बिल्कुल फिल्मी निकला। आकाश का दावा है कि सोमा देवी ने खुद मुझे सूरत से बुलाया था और कहा था कि राजवती को लेकर आओ, शादी तुम्हारी होगी। मैंने खर्चा भी किया। अब अचानक दूसरी शादी कर ली और गांव में मेरी बदनामी करा दी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील इलाके में हुए इस हंगामे ने प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है।
