प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर उठाई मांग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग
लखनऊ: 68500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति के मामले को लेकर सोमवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से दिए गए आदेश में ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों के परिणाम में संशोधन कर नियुक्ति देने की बात कही गई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, आयोग ने 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित करने और नियुक्ति देने की बात कही है। साथ ही आरक्षण में हुई विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी आदेश में कही गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वह इसी आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करने पहुंचे थे।
सीटी बजाकर और नारे लगाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार से अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘संदीप भैया न्याय करो’, ‘है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण’ और ‘बाबू कल्याण सिंह अमर रहे’ जैसे नारे लगाए। मौके पर पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया गया।
एक सितंबर से ईको गार्डन में चल रहा धरना
अभ्यर्थियों के अनुसार, उनकी ओर से एक सितंबर से ईको गार्डन में लगातार धरना दिया जा रहा है। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचे और शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से शिक्षा मंत्री से वार्ता की गई है। उनके मुताबिक, मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा मंत्री के बीच वार्ता प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि वार्ता में अभ्यर्थी अपनी मांगों को रखेंगे। इसके बाद बातचीत के नतीजे के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
तेज धूप में अभ्यर्थी अचेत होकर गिरे
प्रदर्शन के दौरान आजमगढ़ से आए अभ्यर्थी सच्चिदानंद तेज धूप के कारण शिक्षा मंत्री के आवास के गेट के सामने अचेत होकर गिर गए। मौके पर मौजूद एसएचओ विपिन सिंह ने उन्हें भीड़ से बाहर निकालकर छांव में पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, उनका मुंह धुलाया गया और जूते उतारकर उन्हें बिस्किट और पानी दिया गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर पुलिस की गाड़ी से उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया।
प्रदर्शन में ये अभ्यर्थी रहे मौजूद
प्रदर्शन में आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार, रंजना जायसवाल, दीपक पटेल, इशिता पाल, अजय मावी, उमेश गुप्ता, तारिक, राम प्रवेश, विनोद प्रजापति, शिव शंकर गौड़, अमित पटेल, सच्चिदानंद, संतोष, सुनील, कुशल, जोगेंद्र और अरुण मौर्या समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे। अभ्यर्थियों की नजर अब मंगलवार को प्रस्तावित वार्ता पर है। उनका कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन और आरक्षण विसंगति के समाधान को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट कार्रवाई की जानी चाहिए।
