लखनऊ : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शनिवार को अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की जयंती के अवसर पर अमीनाबाद स्थित झंडे वाला पार्क, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम युवा नेता यशवीर सिंह लोधी की अगुवाई में संपन्न हुआ। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने भारी संख्या में भाग लिया।
झंडा सत्याग्रह आंदोलन के नायक को दी गई श्रद्धांजलि

प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल ने अपने संबोधन में कहा कि “अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी ने झंडा सत्याग्रह के दौरान अमीनाबाद पार्क में तिरंगा फहराकर अंग्रेजी हुकूमत को सीधी चुनौती दी थी। इस वीरता के लिए उन्हें अपनी जान की कुर्बानी देनी पड़ी। उनकी शहादत के बाद ही यह स्थान ‘झंडे वाला पार्क’ के नाम से जाना जाने लगा।”उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों को याद करती है और सामाजिक न्याय के उनके सपनों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव, पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव, ब्लॉक प्रमुख ऊषा सेन, चेयरमैन बीकेटी गनेश रावत, और लोधी समाज के वरिष्ठ नेता राधेलाल लोधी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान सी.एल. वर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष), जयसिंह ‘जयन्त’ (जिलाध्यक्ष), शब्बीर अहमद खान (जिला महासचिव), फाखिर सिद्दीकी (महानगर अध्यक्ष), इरशाद अहमद (नगर महासचिव) सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस आयोजन में लोधी समाज की व्यापक भागीदारी देखी गई। कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और गुलाब सिंह लोधी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। जिला, नगर, महिला, युवजन, छात्र, पिछड़ा वर्ग, अधिवक्ता सहित कई इकाइयों के प्रतिनिधि इस अवसर पर मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि गुलाब सिंह लोधी की शहादत हमें नयी प्रेरणा देती है और हमें सामाजिक न्याय की राह पर अडिग रहने की सीख देती है।
