सपाई बोले, गांव-गांव दिखेगी फिल्म, पीडीए समाज को जोड़ने का लिया संकल्प
लखनऊ : सामाजिक न्याय और समानता की अलख जगाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले और उनकी पत्नी सावित्री बाई फुले के जीवन पर आधारित फिल्म ‘फुले’ का प्रदर्शन शनिवार को लखनऊ के लुलु मॉल स्थित सिनेमा हॉल में किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। फिल्म का आयोजन समाजवादी पार्टी के फर्रुखाबाद लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य एवं उनकी पत्नी प्रियंका शाक्य ने किया था जिन्होंने पूरे सिनेमा हॉल को इस विशेष कार्यक्रम के लिए बुक कराया।
महात्मा फुले के विचारों को आगे बढ़ा रहे अखिलेश यादव: राजेन्द्र चौधरी

अपने संबोधन में राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि महात्मा फुले और सावित्री बाई फुले ने अपना पूरा जीवन सामाजिक कुरीतियों, पाखंड और जातिगत शोषण के खिलाफ संघर्ष में बिताया। वे शिक्षा और समानता के प्रतीक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस लड़ाई को पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं और आज का यह आयोजन इसी कड़ी का हिस्सा है।
गांव-गांव दिखाई जाएगी ‘फुले’ फिल्म: डॉ. नवल किशोर शाक्य

फर्रुखाबाद से सपा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने घोषणा की कि यह फिल्म केवल शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे जनसामान्य की सुविधा के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से गांव-गांव में दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘फुले’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि समाज को जगाने वाला दस्तावेज है।
दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के संघर्ष की गाथा है ‘फुले’
फिल्म में 18वीं शताब्दी में दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के साथ हो रहे भेदभाव को यथार्थ रूप में दर्शाया गया है। यह वह समय था जब दलितों को इंसान तक नहीं समझा जाता था और महिलाओं को शिक्षा से पूरी तरह वंचित रखा जाता था। महात्मा फुले और सावित्री बाई फुले ने न केवल विरोध की चेतना जगाई, बल्कि स्वाभिमान और शिक्षा को हथियार बनाकर समाज सुधार का बीड़ा उठाया।
स्त्री शिक्षा में पहला नाम,सावित्री बाई फुले और फातिमा शेख
फिल्म में सावित्री बाई फुले और फातिमा शेख के संघर्षों को भी उकेरा गया है। कैसे उन्होंने अपमान और विरोध के बीच पहली बार लड़कियों के लिए विद्यालय खोला। यह प्रेरणास्पद है। इसके साथ ही किसानों की दुर्दशा और राष्ट्रीय आंदोलन की विसंगतियों को भी प्रभावी तरीके से चित्रित किया गया है।
समाजवादी कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष लोहिया वाहिनी अभिषेक यादव, प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा विनीत कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष महिला सभा रीबू श्रीवास्तव,पूजा शुक्ला,पायल किन्नर (प्रदेश अध्यक्ष किन्नर सभा), मणेन्द्र मिश्रा, मधुकर त्रिवेदी, श्याम गुप्ता, अमरजीत यादव, मुन्नी पाल, आदिल, श्रेया सिंह पटेल, मनोज यादव, मनोज पासवान, अवनीश यादव एडवोकेट, नीतू यादव, डॉ. गौरव यादव, रोली, अकरम, राजेंद्र लोधी, सुहागवती, पंकज कश्यप, मन्जू रजनीश, प्रतीक, कुमुदिनी, मालती, शीला साहनी, ममता, अंकिता, अनीता शर्मा, रमित रंजन, कृष्ण कुमार, अर्पित, नेहा कुशवाहा आदि मौजूद थे।
