बरेली : यूपी के बरेली देहात के देवरनियां थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक पर लदे लोहे के गर्डर केबिन में घुस गए और उनमें से एक गर्डर चालक शिबू कुमार खाटी के शरीर को चीरता हुआ निकल गया। शिबू केबिन में फंस गया और उसी समय इंजन से निकली चिंगारी ने केबिन को आग के हवाले कर दिया।
बचने का नहीं मिला मौका
घटना इतनी तेजी से घटी कि चालक को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। जब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, ट्रक धू-धू कर जल चुका था और चालक की जलकर मौत हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और बुरी तरह झुलसे शव को किसी तरह बाहर निकाला।
चालक झारखंड का रहने वाला था
मृतक चालक की पहचान शिबू कुमार खाटी (35 वर्ष), निवासी जमशेदपुर, झारखंड के रूप में हुई है। वह ट्रक में लोहे के गर्डर लादकर हरिद्वार जा रहा था। बताया जा रहा है कि लगातार गाड़ी चलाने के कारण उसे नींद की झपकी आ गई और नियंत्रण खो बैठा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिबू के परिवार को पुलिस द्वारा सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और बहुत मेहनती इंसान था। उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
