लखनऊ/संभल : यूपी के संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी ने अपने प्रेमी संग मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना में मासूम बच्चा भी मौजूद था। उसको आरोपी महिला जेल तक अपने साथ ले गई।
हत्या का खुलासा, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
कैलादेवी पुलिस ने बिहार निवासी युवक गुगली भगत (35 वर्ष) की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी पूजा और उसके प्रेमी गितेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हत्या में मददगार तीसरे आरोपी, गितेश के भांजे पंकज की तलाश जारी है।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार पूजा और गितेश के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। दोनों का संपर्क तब हुआ जब गितेश और गुगली मजदूरी के सिलसिले में गाजियाबाद में एक साथ रह रहे थे। इसी दौरान गितेश का आना-जाना गुगली के घर शुरू हुआ और वह पूजा के करीब आ गया।
होली पर खुला राज, शुरू हुए झगड़े
होली के अवसर पर गुगली अपने परिवार के साथ गितेश के गांव आया। यहां रहने के दौरान उसे पत्नी और गितेश के संबंधों की भनक लग गई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन झगड़े और मारपीट होने लगी।
हत्या की रात का पूरा घटनाक्रम
घटना 7 मई की रात की है। करीब 11 बजे गितेश और गुगली में पूजा को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद गुगली सोने चला गया। रात में पूजा और गितेश ने मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद गितेश ने अपने भांजे पंकज को जगाया और शव को घर से 500 मीटर दूर एक खेत में ले जाकर फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।
मासूम बेटे के सामने हुआ अपराध
रात में यह सब उस समय हुआ जब पूजा का ढाई साल का बेटा भी घटनास्थल पर मौजूद था। गिरफ्तारी के बाद जब पूजा को जेल भेजा गया, तो उसने अपने बेटे को भी साथ ले लिया। क्योंकि, वह किसी और के साथ नहीं रह सकता।
सबूत बरामद, आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने गितेश और पूजा को नारंगपुर के पास से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और फावड़ा भी बरामद कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गुगली और पूजा की तीन बेटियाँ भी हैं। पूजा के जेल जाने के बाद इन नाबालिग बच्चियों की जिम्मेदारी को लेकर पुलिस बिहार स्थित गुगली के परिजनों से संपर्क कर रही है। फिलहाल इन्हें एक संरक्षण संस्था को सौंपने की तैयारी चल रही है।
पुलिस कर रही पंकज की तलाश
गुगली के शव को ठिकाने लगाने में सहयोग देने वाले आरोपी पंकज की अभी तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के समय वह मौके पर मौजूद था या नहीं। सीओ आलोक कुमार ने मीडिया को बताया कि”पूछताछ में पूजा और गितेश ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। हत्या की वजह प्रेम संबंधों में आई रुकावट थी। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।”
