हरदोई/लखनऊ : यूपी के हरदोई जिले के बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर बुधवार को एक दुस्साहसिक हत्या की वारदात ने सभी को दहला दिया। यहां खोवा बेचकर घर लौट रही 70 वर्षीय वृद्धा को एक युवक ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी। जिसके चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दिनदहाड़े हुई। जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रोज की तरह लौट रही थीं घर
यह मामला बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मक्क पुरवा गांव की निवासी रामश्री (70 वर्ष) का है। वह रोज की तरह मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के इसरापुर बाज़ार में खोवा बेचने गई थीं। जब वह बाजार से लौट रही थीं, तभी इसरापुर निवासी पंचम नामक युवक ने उन्हें बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर स्थित तेरवाकुल्ली चौराहा के पास दौड़ाया और सरेराह गोली मार दी।
घटनास्थल पर ही मौत
गोली लगते ही वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल, आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
![]()
