उरई/लखनऊ: यात्रा के दौरान लापरवाही और भीड़ ने एक यात्री की जान जोखिम में डाल दी। उरई रेलवे स्टेशन पर एक 52 वर्षीय यात्री नंदकिशोर महतो, जो बिहार के खजुरिया चंपारण का निवासी है। ट्रेन की छत पर चढ़ने के दौरान हाई-टेंशन ओवरहेड लाइन (OHE) की चपेट में आ गया। वह बुरी तरह झुलस गया और उसे गंभीर हालत में कानपुर के लिए रेफर किया गया है।
जानें कैसे हुआ हादसा ?
यह घटना यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस (12592) की है। ट्रेन के जनरल डिब्बे में भारी भीड़ थी। इसमें नंदकिशोर महतो साथी लीलाधर के साथ यात्रा कर रहे थे। मगर, बैठने की जगह नहीं मिलने पर छत पर चढ़ने की कोशिश की।इसी दौरान वह हाई वोल्टेज ओएचई लाइन से टकरा गया। करंट लगते ही वह मौके पर झुलसकर गिर पड़ा।
इलाज के लिए रेस्क्यू
उरई स्टेशन पर तैनात आरपीएफ ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए कानपुर हायर सेंटर रेफर किया गया। यह ट्रेन 30 मिनट देरी से चली थी। घटना के चलते यशवंतपुर -गोरखपुर एक्सप्रेस सुबह 5:27 से 6:05 तक स्टेशन पर ही खड़ी रही। यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। रेलवे इंस्पेक्टर अभिषेक यादव ने बताया कि “बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर छत पर चढ़ते हैं। ओएचई लाइन से संपर्क बेहद जानलेवा होता है। हम लोगों से अपील करते हैं कि ट्रेन में सुरक्षित ढंग से यात्रा करें।”
![]()
