प्रतापगढ़/लखनऊ : यूपी के प्रतापगढ़ जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर बाजार में एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर के अंदर मिले हैं, जबकि छह माह का बच्चा और उसकी 70 वर्षीय परदादी सुरक्षित पाए गए। मगर, इसमें मृतकों की पहचान घर के मुखिया अंकित पटवा (28 वर्ष), उनकी पत्नी रिया पटवा (24 वर्ष), अंकित की मां आशा पटवा (48 वर्ष) तीनों के मुंह से झाग निकलता पाया गया, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है।
शिशु और बुजुर्ग महिला कैसे बचीं?
घटना की सूचना तब मिली जब अंकित की नानी यशोदा देवी (जो मंदबुद्धि बताई जा रही हैं) बच्चे को लेकर नीचे आईं और आसपास के लोगों को बताया कि ऊपर लोग नहीं उठ रहे हैं। इसके बाद पड़ोसियों ने जाकर तीनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर फॉरेंसिक टीम पहुंची और खाने में ज़हर मिलाए जाने की जांच की जा रही है। सुसाइड की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हत्या की संभावना को भी नकारा नहीं गया है। पुलिस के अनुसार जमीन विवाद या सूदखोरी की पृष्ठभूमि पर भी जांच चल रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
मूल रूप से राय बरेली का यह परिवार
अंकित पटवा मूल रूप से रायबरेली जिले का निवासी था लेकिन अपने ननिहाल सगरा सुंदरपुर बाजार में रह रहा था। उसने मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के साथ रहना शुरू किया था और नीचे जनरल स्टोर चलाता था।
