लखनऊ/गोंडा : यूपी के गोंडा जिले में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में नहर के पास बने गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। यह घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास अहेट गांव में हुई। तीनों बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार दोपहर गांव के पास से गुजर रही सरयू नहर के किनारे बने एक गड्ढे में गर्मी से राहत पाने के लिए तीन बच्चे नहाने उतर गए। गड्ढे में पानी भरा हुआ था, लेकिन उसकी गहराई का अंदाजा नहीं था। देखते ही देखते तीनों बच्चे गहराई में डूब गए।
पानी से बाहर निकालने से पहले तोड़ा दम

गांव वालों ने जब तक बच्चों को पानी से बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया। मृत बच्चों की पहचान निगम उर्फ राजाबाबू (9 वर्ष), पुत्र जिलेदार, राजन (10 वर्ष), पुत्र दयाशंकर और राजा (10 वर्ष), पुत्र रामनरेश के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। एक साथ तीन मासूमों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। परिजन बेसुध हैं और पूरे गांव का माहौल गमगीन है। बच्चों के शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
अफसरों ने घटनास्थल का लिया जायजा
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परसपुर थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा लंबे समय से नहर के किनारे है। जिसमें बरसात या नहर का पानी जमा हो जाता है। इस स्थान पर कोई सुरक्षा घेरा नहीं था, न ही बच्चों को वहां जाने से रोकने के लिए कोई चेतावनी चिह्न लगाया गया था।
![]()
