मऊ/लखनऊ: यूपी की मऊ सदर सीट से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी के बहुचर्चित हेट स्पीच मामले में कोर्ट की सुनवाई एक बार फिर टल गई है। अगली सुनवाई की तारीख 30 जून 2025 तय की गई है। मामला अब उस विवादित सीडी पर फंसा हुआ है। जिसमें अब्बास अंसारी द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए भाषण को लेकर दोनों पक्षों के बीच स्पष्टीकरण और विरोधाभास बने हुए हैं। इस मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील राजेश पांडे ने बताया कि आरोपी के बयान और प्रस्तुत सीडी में बड़ा विरोधाभास है। यही वजह रही कि आज बहस पूरी नहीं हो सकी, तो वहीं अब्बास अंसारी के वकील दरोगा सिंह का कहना है कि सीडी की तकनीकी जांच और कानूनी व्याख्या पर अदालत को स्पष्टता चाहिए, इसलिए अगली सुनवाई में इसी बिंदु पर चर्चा होगी।
जानें पूरा मामला
अब्बास अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण दिया था, जिससे सांप्रदायिक तनाव और कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का खतरा पैदा हुआ। उनके बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग (सीडी) को इस केस का अहम सबूत माना जा रहा है, लेकिन इसमें कथित एडिटिंग और तकनीकी गड़बड़ी को लेकर बचाव पक्ष ने सवाल उठाए हैं।
राजनीतिक हलकों में बेचैनी
अब्बास अंसारी के मामले में हो रहे विलंब के चलते मऊ में संभावित उपचुनाव की चर्चा भी ठंडे बस्ते में चली गई है। इस सुनवाई में देरी से न केवल राजनीतिक दल बल्कि जनता भी असमंजस में है।
