खुर्जा/बुलंदशहर/लखनऊ: यूपी के प्रदेश स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी बृजेश सोलंकी की एक दर्दनाक और चौंकाने वाली मौत ने पूरे फराना गांव को शोक में डुबो दिया है। बृजेश की मौत रेबीज से हुई, जो कि एक छोटे पिल्ले के काटने के बाद लापरवाही की वजह से हुआ। चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई, और सामान्य चोट मानकर अनदेखी कर दी। परिजनों के अनुसार, मार्च में बृजेश को एक पिल्ले ने काटा था, जब वह उसे नाली से निकाल रहे थे। चोट हल्की थी, लेकिन बृजेश ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद वे कबड्डी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते रहे। गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर जब परिजन उन्हें अस्पताल ले गए तो धीरे-धीरे बीमारी ने गंभीर रूप ले लिया। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने रेबीज की पुष्टि की और उपचार से इनकार कर दिया। क्योंकि, बीमारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। मगर, देर रात दिल्ली से गांव लौटते समय बृजेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
प्रो कबड्डी का सपना रह गया अधूरा
बृजेश सोलंकी प्रो कबड्डी लीग 2026 में खेलने का सपना देख रहे थे। वे प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता थे और उनके कोच अभिषेक ठाकुर के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रहे थे। बृजेश की प्रतिभा और मेहनत से गांव और साथी खिलाड़ियों को काफी उम्मीदें थीं।
जानिए, रेबीज से कैसे बचें?
रेबीज एक 100 फीसद जानलेवा वायरस है, लेकिन समय पर टीका लगवाने से पूरी तरह बचाव संभव है। किसी भी जानवर, खासकर कुत्ते, बिल्ली या बंदर के काटने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें और टीकाकरण कराएं।
