वॉट्सऐप पर दोस्ती के बाद होटल में बुलाया, युवती के साथ हुई चैट वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप; कोतवाली पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
बरेली: हनीट्रैप में फंसाकर एक युवक को होटल के कमरे में बंधक बनाने और तमंचे के बल पर रुपये छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने पहले युवक से वॉट्सऐप पर दोस्ती की और फिर अपने साथियों के जरिए उसे होटल में बुलवाया। वहां उसके साथ मारपीट कर वीडियो बनाया गया और युवती के साथ हुई चैट वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई। आरोपितों ने युवक से 23 हजार रुपये ऐंठने के साथ ही दो लाख रुपये की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वॉट्सऐप पर दोस्ती कर उधार मांगे रुपये
शाहजहांपुर के सदर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद मोहिद ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके पिता का मकान फरीदपुर के मोहल्ला ऊंचा में है। वह दो माह पहले तक वहां किराने की दुकान चलाता था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली शिफा नाम की युवती से उसकी जान-पहचान हो गई। पीड़ित के मुताबिक, 17 अक्टूबर को शिफा ने वॉट्सऐप पर उससे दो हजार रुपये उधार मांगे। युवती ने किसी रेहान का क्यूआर कोड भेजा, जिस पर उसने रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अगले दिन युवती ने उसे आलमगिरीगंज स्थित वसुंधरा होटल बुलाया।
कमरे में ले जाकर तमंचा दिखाया, मोबाइल और नकदी छीनी
मोहिद के अनुसार, वह सुबह करीब 8:20 बजे होटल पहुंचा, लेकिन वहां शिफा नहीं मिली। इसके बजाय नन्नू, जीशान का भाई और एक अन्य युवक उसे होटल के कमरा नंबर 202 में ले गए। आरोप है कि नन्नू ने तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल छीन लिया और कुर्ते की जेब से 16 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपितों ने उसे कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की और उसका वीडियो बना लिया। आरोप है कि युवती के साथ हुई वॉट्सऐप चैट वायरल कर बदनाम करने की धमकी देते हुए उससे दो लाख रुपये मांगे गए।
एटीएम और जनसेवा केंद्रों पर ले जाकर कराई वसूली
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उससे अलग-अलग खातों में 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की, लेकिन लेनदेन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसे कई एटीएम और जनसेवा केंद्रों पर ले जाया गया। आखिर में सिटी हार्डवेयर दुकान पर एक व्यक्ति के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। मोहिद का कहना है कि आरोपित अब भी फोन कर उसे धमका रहे हैं और दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। रकम नहीं देने पर चैट वायरल करने की चेतावनी दी जा रही है। पीड़ित ने शिफा, नन्नू, जीशान के भाई और एक अज्ञात युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
