आंवला-रामनगर मार्ग पर रेवती फाटक के पास पुलिस ने की घेराबंदी,आरोपी छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने पैर में लगी गोली
बरेली : यूपी के बरेली जिले में गो -तस्करी और गोवंशीय पशुओं के वध के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में रविवार सुबह आंवला थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी रामपुर के बदमाश छोटा उर्फ रिजवान को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।आंवला-रामनगर मार्ग पर रेवती फाटक के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि 9 अक्टूबर को ग्राम आसपुर निवासी गणेश गिरि ने थाना आंवला में तहरीर देकर शिकायत की थी कि 8 और 9 अक्टूबर की रात अज्ञात लोगों ने गोवंशीय पशुओं का वध किया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं।
पहले दो आरोपी मुठभेड़ में हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस की जांच और कार्रवाई के दौरान हैदर अली निवासी मुरादाबाद और शाहरुख निवासी संभल को वाहन समेत मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। उस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इसी मामले में फरार चल रहे छोटा उर्फ रिजवान निवासी ग्राम रेवरी खुर्द, थाना मिलक, जनपद रामपुर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:02 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी आंवला-रामनगर मार्ग की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेवती फाटक के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया,तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली आरक्षी दुलीचंद की बाईं बाजू को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी छोटा उर्फ रिजवान के दाहिने घुटने में गोली लगी। जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर गोवध से लेकर गैंगस्टर तक के 19 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामपुर जिले का गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रामपुर, बरेली और अन्य थानों में गोवध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ गोवंशीय पशुओं की तलाश में क्षेत्र में रेकी करने और पूर्व में बदायूं-आंवला मार्ग पर गोवंशीय पशु के वध की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। हालांकि, इन खुलासों के संबंध में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
अस्पताल में भर्ती, मुठभेड़ का अलग मुकदमा दर्ज
मुठभेड़ में घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) आंवला भेजा गया। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा संख्या 561/2026 धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई में यह पुलिस कर्मी रहे शामिल
इनामी आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध अजीत सिंह,उपनिरीक्षक परमित कुमार, अखिल प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि गो -तस्करी और गोवध के मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
