लखनऊ/सहारनपुर : यूपी के सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय आशुतोष के रूप में हुई है, जो शामली का निवासी था। मगर, सहारनपुर जिले के ज़ुनद्दार गांव में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह बीफार्मा का छात्र था। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
परीक्षा देने आया था छात्र, कॉलेज गेट के बाहर हुई वारदात

आशुतोष सहारनपुर के देवभूमि कॉलेज में बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार को उसकी परीक्षा नागल के इंद्रप्रस्थ कॉलेज में थी। यहां वह परीक्षा देने के लिए पहुंचा था, जैसे ही वह कॉलेज के बाहर खड़ा था, तभी एक ब्रेजा कार में सवार अज्ञात हमलावरों ने अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही आशुतोष वहीं गिर पड़ा। कॉलेज गेट के बाहर गोली चलने से भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आसपास का क्षेत्र सील कर दिया।
फोरेंसिक टीम कर रही जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। नागल थाना पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह व्यक्तिगत रंजिश, प्रेम प्रसंग या पुराना विवाद हो सकता है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
परिजनों में कोहराम, गांव में पसरा मातम
जब आशुतोष की हत्या की खबर उसके गांव पहुंची, तो परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप बेसुध हो गए और गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
![]()
