बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रमपुरा माफी गांव निवासी बाबू खां (53 वर्ष) की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से रमपुरा माफी गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान बाबू खां के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के ही एहसान नामक युवक से किसी बात को लेकर उसका विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर इसी विवाद के चलते एहसान और उसके कुछ साथियों ने मिलकर बाबू खां पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग और परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी, पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही सीओ हाईवे नीलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ नीलेश कुमार ने मीडिया को बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी एहसान भी हिस्ट्रीशीटर है। मृतक और आरोपी एक डकैती के मुकदमें में नामजद थे। यह मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। घटना के बाद से आरोपी अपने दोस्त के साथ से फरार है।
गांव में भय और तनाव का माहौल
घटना के बाद रमपुरा माफी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बब्बू खां एक शांत स्वभाव का युवक था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इसके बावजूद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई, जो सभी को चौंकाने वाली है।
