बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडिया गांव में उस समय खुशी की जगह मातम छा गया, जब जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। वहां से जनाजा उठ गया। महाराष्ट्र के पुणे में मेहनत-मजदूरी कर रहे हसीन अंसारी की दर्दनाक मौत की खबर ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। हसीन अंसारी (35 वर्ष) पुणे में फर्नीचर की दुकान पर काम करते थे। शुक्रवार को वे बरेली आने की तैयारी में थे। क्योंकि, 1 जून को उनकी छोटी बहन चमन की शादी और 2 जून को छोटे भाई सरताज की शादी होनी थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
बारिश से बचाव की कोशिश में गई जान
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अचानक हुई बारिश से दुकान का सामान भीगने लगा। हसीन उसे बचाने के लिए तिरपाल डाल रहे थे कि तभी वे करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह खबर जैसे ही उनके बरेली स्थित घर पहुंची। वहां कोहराम मच गया।
जहां गूंजनी थी शहनाई, वहां पसरा सन्नाटा
हसीन के घर में शादी के चलते चहल-पहल थी। रिश्तेदारों के आने की उम्मीद थी, मेहमानों के स्वागत की तैयारी हो रही थी, लेकिन एक पल में सब कुछ बदल गया। चीख-पुकार और आंसुओं ने हर कोना नम कर दिया। जिस घर से बारात निकलनी थी। वहां अब जनाजे की तैयारी हो रही है। हसीन का शव एंबुलेंस से बरेली लाया जा रहा है, जो रविवार दोपहर तक गांव पहुंचने की संभावना है।
कम उम्र में उठाई जिम्मेदारी, अब पीछे छूटे मासूम बच्चे
हसीन अंसारी पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उन्होंने बेहद कम उम्र में घर की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली थी। पुणे जाकर खुद मेहनत की और धीरे-धीरे अपने तीन भाइयों को भी वहां बुलाकर काम में लगाया। वे विवाहित थे और उनके पांच छोटे बच्चे हैं। अब उनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। किसी को विश्वास नहीं हो रहा कि शादी के गीतों की जगह मातमी कोलाहल सुनाई दे रहा है।
![]()
