बहुप्रतीक्षित ROB का निर्माण 50 फीसद पूरा,स्थानीय जनता को जल्द मिलेगा लाभ
बरेली/रामपुर : यूपी के रामपुर के मिलक कस्बे में रेलवे फाटक पर बन रहा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अब अपने पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी रामपुर जोगिंदर सिंह ने इस निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने सेतु निगम और निर्माण संस्था की कार्यशैली की प्रशंसा कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य की सराहना की।
50 फीसद से अधिक निर्माण कार्य पूर्ण

सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार ओवरब्रिज का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य प्रगति पर है। आने वाले कुछ महीनों में इसका निर्माण पूरी तरह पूर्ण होने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन और नागरिकों के सहयोग से कार्य में अपेक्षित गति आ रही है।
ओवरब्रिज से आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

इस ROB के बन जाने से मिलक से शाहबाद और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम हो जाएगा। रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी। जिससे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी। नागरिकों ने बताया कि कई बार घंटों तक फाटक बंद रहने से उन्हें परेशानी होती थी, जो अब इस पुल के निर्माण से समाप्त हो जाएगी।
दुर्घटनाओं में भी आएगी कमी
रेलवे फाटक पर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित भीड़ के चलते दुर्घटनाओं की संभावनाएं बनी रहती थीं। जिन्हें अब यह ओवरब्रिज कम करेगा। यातायात का बहाव सुगम होगा और स्थानीय व्यापार, शिक्षा और आपात सेवाएं बेहतर होंगी।
डीएम ने किया कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण
जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण सामग्री, कार्यशैली और समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण संस्था एम बिल्डर्स और सेतु निगम को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करें ताकि नागरिकों को दीर्घकालिक सुविधा मिल सके। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रामपुर के एसपी विद्यासागर मिश्रा,एसडीएम मिलक सुनील कुमार, अरुण गुप्ता, उप परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, बरेली इकाई, सुनील गिरी, सहायक अभियंता, एम. बिल्डर्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि.के प्रबंध निदेशक जावेद अली खान आदि मौजूद थे। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
![]()
