हंसी सार्वभौमिक भाषा, जो नफरत की हर दीवार गिराने में कारगर, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक सौहार्द और देश की शांति का निर्माण
आज यानी 4 मई 2025 को हम एक बार फिर विश्व हास्य दिवस (world Laughter Day) मना रहे हैं। यह केवल एक औपचारिक दिवस भर नहीं, बल्कि एक मानवता के पुनरुद्धार का अवसर है। एक दिन जो हमें याद दिलाता है कि इस जटिल और तनावपूर्ण दुनिया में हंसी एक ऐसी सरल लेकिन अचूक औषधि है, जो हमारे शरीर, मन और समाज – तीनों को एक साथ ठीक कर सकती है। सबसे सरल, सबसे सशक्त उपचार है। डॉ. मदन कटारिया ने वर्ष 1998 में मुंबई से शुरू किया था। मगर, अब यह आंदोलन आज दुनिया भर के 6,000 से अधिक हास्य क्लब में फल-फूल रहा है। हंसी अब केवल खुशी की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित चिकित्सीय उपाय है। जब हम हंसते हैं, तब हमारा मस्तिष्क एंडोर्फिन छोड़ता है, जो दर्द कम करता है, मूड बेहतर करता है और तनाव को धीरे-धीरे हर लेता है। आज की दुनिया में, जहाँ एक ओर आतंकवाद, युद्ध, अकेलापन और मानसिक तनाव बढ़ रहे हैं, तो वहीं हंसी न केवल एक व्यक्तिगत राहत बन सकती है, बल्कि एक सामाजिक क्रांति का आधार भी।
हंसी मानसिक स्वास्थ्य की चाबी
हमारे देश में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना अब भी एक चुनौती है। लेकिन हंसी एक ऐसी भाषा है। जिसे समझने के लिए शब्दों की नहीं, केवल दिल की जरूरत होती है। हंसी के साथ न कोई मज़हब जुड़ा है, न कोई वर्ग, न लिंग, न राष्ट्र। यह एक सार्वभौमिक भाषा है जो हर दीवार को गिरा सकती है। रोज़ाना सिर्फ 15 मिनट की हंसी आपके शरीर में रक्तसंचार को बेहतर करती है, फेफड़ों को मजबूत बनाती है और प्रतिरक्षा प्रणाली को सक्रिय करती है। ये कुछ क्षण न केवल हमें स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि हमें खुद से जोड़ते हैं।
हंसी को बनाएं सामाजिक आंदोलन
आज जब दुनिया “डिजिटल तनाव”, “सूचनात्मक थकान” और “भावनात्मक खालीपन” से जूझ रही है। ऐसे में हंसी एक क्रांतिकारी विकल्प के रूप में सामने आई है। हास्य योग आंदोलन सिर्फ एक व्यायाम पद्धति नहीं है। यह एक समाज बदलने का यंत्र है। रैलियां, गोष्ठियाँ, सामूहिक हास्य सत्र के आयोजन दिखाते हैं कि एकजुट होकर हँसना, अपने आप में सामूहिक सकारात्मकता फैलाने का सबसे प्रभावी तरीका है। यह दूसरों के दुःख को साझा करने का माध्यम बन सकता है।
इस विश्व हास्य दिवस पर संकल्प लें
आज हम केवल हँसे नहीं – बल्कि हँसाना भी सीखें। यह हंसी किसी मजाक पर नहीं, बल्कि एक जागरूक विकल्प के रूप में हो। अपने परिवार, सहकर्मियों, समाज और खुद के भीतर एक ऐसी मुस्कान की संस्कृति को स्थापित करें, जो हर संकट के समय आपको मजबूत बनाए। पूरी दुनिया गंभीरता से टूट रही हो, तब एक सच्ची मुस्कान ही बीमारियों और तनाव से सबसे बड़ा विद्रोह कर सकती है।
