संपूर्ण समाधान दिवस में खुली लापरवाही, राजस्व विभाग पर सख्त रुख
बरेली : डीएम अविनाश सिंह ने फरीदपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए कानूनगो (राजस्व निरीक्षक) ताहिर अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन पर खतौनी में गलत अंश निर्धारण करने का गंभीर आरोप था। जिसकी शिकायत पर जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई। किसान कृष्णपाल गंगवार की शिकायत पर जब डीएम ने मामले की जांच कराई, तो कानूनगो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।डीएम ने उनकी भूमिका संदिग्ध मानते हुए तुरंत निलंबन के आदेश दे दिए।
100 बीघा जमीन पर कब्जा, भूमाफिया घोषित करने के निर्देश

नदिया कल्याणपुर गांव में ग्राम समाज की करीब 100 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का मामला भी।सामने आया। शिकायत पर डीएम ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी को भूमाफिया घोषित कर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस और तहसील प्रशासन को फटकार भी लगाई।
71 शिकायतें, सिर्फ 8 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 71 शिकायतें दर्ज हुईं। जिनमें से केवल 8 का मौके पर निस्तारण हो सका।राजस्व विभाग से जुड़ी ज्यादा शिकायतों पर डीएम ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगली बैठक तक सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई होगी।
बिजली गुल होने पर भी डीएम सख्त
सुनवाई के दौरान सभागार में चार बार बिजली गुल होने से डीएम नाराज हो गए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को तलब कर लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई।
शिक्षा विभाग भी निशाने पर
शाहपुर बनियान गांव के स्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक का चार्ज न देने पर डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को भी फटकार लगाई और तुरंत आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए।
डीएम का सख्त संदेश
डीएम ने साफ कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से काम करें। लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाह अफसरों पर सख्ती और भूमाफियाओं पर शिकंजा कसा गया है।
