बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ है। खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है, और मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। बहेड़ी के सकरस गांव निवासी राजेंद्र (40 वर्ष) रविवार को खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान राजेंद्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मदद पहुंचने से पहले ही गई जान

जब तक ग्रामीण खेत की ओर दौड़ते और उसकी मदद के लिए पहुंचते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। राजेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की स्थिति देख लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
प्रशासन ने की मौके पर कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद प्रशासन ने उनसे बातचीत कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
गांव में मातम, परिजनों में कोहराम
राजेंद्र की असमय मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है। परिवार के सदस्य बेहद दुखी हैं और गांव के लोग भी भारी संख्या में शोक संवेदना प्रकट करने के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रशासन ने दी आकाशीय बिजली से बचाव की सलाह
तहसील प्रशासन ने जनता से अपील की है कि बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतें। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है। खराब मौसम में खुले मैदानों में खड़े न हों। पेड़ों के नीचे शरण न लें। घर पर रहें तो बिजली से जुड़े उपकरणों से दूरी बनाएं। बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें। सुरक्षित स्थानों पर तुरंत शरण लें।
![]()
