ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, पुलिस ने शव लिए कब्जे में, परिवार में मचा कोहराम
बरेली/पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूरनपुर क्षेत्र के घाटमपुर गांव के पास बरातियों से भरी एक कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में मासूम भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पूरनपुर क्षेत्र के रम्पुरा फकीरे गांव निवासी बहादुर सिंह (50 वर्ष) अपने पूरे परिवार के साथ मोहब्बतपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। कार में कुल सात लोग सवार थे। इसमें चार छोटे बच्चे भी शामिल थे। देर रात घाटमपुर गांव के पास उनकी कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
मौके पर बहादुर सिंह की मौत, बच्चों ने भी तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पूरनपुर पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पंकज सिंह (16 वर्ष), रिषभ (7 वर्ष), और सुनहरी (5 वर्ष) को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश रिषभ और सुनहरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पंकज की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। हादसे में अनिकेत (5 वर्ष), अंकित (8 वर्ष), शंकुतला देवी (25 वर्ष), तेजू (27 वर्ष), सोनी देवी (28 वर्ष) समेत एक अन्य अज्ञात महिला घायल हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी रिफ्लेक्टर या संकेत के खड़ी थी, जिससे यह टक्कर हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है।
मासूमों की मौत से पसरा मातम
रिषभ और सुनहरी की मौत ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह की खुशियां चंद मिनटों में मातम में बदल गईं। हादसे से स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश है और वे प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
