10 दिन में दूसरी वारदात से दहशत, मालिक के भिड़ने पर मारी गोली, डेढ़ किलो चांदी और झुमकियों का बॉक्स लेकर फरार
आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स की दुकान पर लूट के बाद सराफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात थाना सिकंदरा क्षेत्र के कारगिल चौराहे पर स्थित बालाजी ज्वेलर्स में हुई। दो हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर आए थे। यह इस रोड पर पिछले 10 दिनों में दूसरी बड़ी वारदात है। जिससे स्थानीय व्यापारी वर्ग में भारी दहशत है। कारगिल चौराहे के पास बालाजी ज्वेलर्स की दुकान के मालिक योगेश चौधरी (निवासी – रामा एंक्लेव) की दुकान पर सुबह लगभग 10:15 बजे दो नकाबपोश बदमाश पहुंचे। उस समय दुकान कर्मचारी रेनू दुकान खोल चुकी थीं। बदमाशों ने रेनू को तमंचा दिखाकर डराया और बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। इसी दौरान दुकान मालिक योगेश चौधरी वहां पहुंचे और बदमाशों को रोकने की कोशिश की। इस पर एक बदमाश ने तमंचा निकालकर योगेश चौधरी को गोली मार दी। गोली लगते ही योगेश लहूलुहान होकर गिर पड़े। दोनों हमलावर तुरंत एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने घोषित किया मृत
घायल योगेश को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। दुकान से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है।
व्यापारी वर्ग में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि यह रोड अपराधियों के लिए ‘सेफ जोन’ बन चुका है। 10 दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक लूट की वारदात हुई थी, जिस पर प्रशासन कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर सका। सिकंदरा थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के भागने की दिशा और पहचान करने की कोशिश में जुटी है। मृतक के घर से दुकान सिर्फ 600 मीटर की दूरी पर है। बताया जाता है कि बदमाश कई दिनों से राखी कर रहे थे। इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी उर्मिला, बड़े बेटे सागर, छोटे बेटे आशीष और उनकी बेटी का रो रोकर बुरा हाल है।
