लखनऊ/ झांसी : यूपी के झांसी में एक अजीबोगरीब और गरमागरम पारिवारिक ड्रामा, तब सामने आया जब एक महिला ने अपने पति को प्रेमिका संग रंगे हाथों पकड़ लिया और सड़क पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना नवाबाद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
दवा लेने निकली पत्नी को दिखा पति प्रेमिका संग
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर निवासी मोहनी यादव शुक्रवार शाम अपनी तबीयत खराब होने पर मेडिकल कॉलेज के पास एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने पास स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर अपने पति शिवम को उसकी प्रेमिका के साथ घूमते हुए देख लिया। यह नज़ारा देखते ही मोहनी का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया।
बीवी का गुस्सा फूटा, सड़क पर ही शुरू हो गई मारपीट
मोहनी ने बिना देर किए पति पर हमला बोल दिया और सड़क पर ही उसकी धुनाई शुरू कर दी। मामला तब और बिगड़ गया जब प्रेमिका भी बीच-बचाव में आ गई। पत्नी ने प्रेमिका को भी नहीं बख्शा और उस पर भी हाथ साफ कर दिया। इसके बाद पति शिवम ने पत्नी को खींचकर पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह घरेलू विवाद सड़क पर तमाशा बन गया और राह चलते लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाने लगे।
थाने पहुंची पत्नी, कार्रवाई को दी तहरीर
घटना के बाद मोहनी यादव नवाबाद थाने पहुंचीं और पति के खिलाफ लिखित तहरीर दी। थाना प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो को भी संज्ञान में लिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें पत्नी का आक्रोश, पति की सफाई और प्रेमिका की भागदौड़ साफ देखी जा सकती है। कई लोग इस पर तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं, तो कुछ इसे समाज में गिरते रिश्तों की एक मिसाल बता रहे हैं।
![]()
