नई दिल्ली/हरदोई/लखनऊ : बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हाल ही में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान अपने पैतृक स्थान को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनका पारिवारिक संबंध उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से है और उनके नाम पर वहां जमीन भी मौजूद है।
दादा के आम के बाग
यह बात न्यूज चैनल के एक विशेष शो में आमिर खान ने बताई। बोले, उनके दादा और परदादा हरदोई के शाहाबाद कस्बे से थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि “मेरे दादा के आम के बाग थे शाहाबाद में। आज भी उस जमीन पर मेरा नाम है।”उन्होंने बताया कि जब उनके परिवार ने कुछ साल पहले उस जमीन को बेचने का निर्णय लिया था, तो उन्होंने खुद परिवार से वह संपत्ति खरीद ली। यह जमीन शाहाबाद के निकट स्थित अख्तियारपुर गांव में है।
किसानी से मुंबई तक का सफर
फिल्म एक्टर आमिर ने बताया कि उनके दादा और परदादा किसान थे और शाहाबाद के बाग-बगिचों की देखरेख करते थे। उनके एक चाचा लेखक बनने के लिए पहली बार मुंबई गए, और तभी से उनका परिवार मायानगरी से जुड़ गया। आमिर ने बताया कि उनके पिता पांच भाई -बहन थे, और करीब 10 साल पहले मां ने बताया था कि वह जमीन बेची जा रही है। इस पर आमिर ने आगे बढ़कर परिवार से ही वह जमीन खरीद ली ताकि वह रिश्ता बना रहे।
‘सितारे ज़मीन पर’ से फिर चर्चा में आमिर
आमिर खान इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ को लेकर चर्चाओं में हैं। कई वर्षों के ब्रेक के बाद वह एक बार फिर सिनेमाघरों में वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म को लेकर उन्हें फैंस और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
