बुलंदशहर/लखनऊ : यूपी के बुलंदशहर जिले से एक दर्दनाक प्रेम त्रासदी सामने आई है। यहां 22 वर्षीय युवक और 32 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के उटरावली गांव की है। जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रेम संबंध में तनाव बना मौत की वजह
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान करण (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने मामा कृष्णपाल के यहां रहता था और गांव के एक बकरी फार्म में कार्यरत था। पड़ोस में रहने वाली गीता (32 वर्ष) नामक विवाहित महिला से उसका प्रेम संबंध था। रविवार शाम किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के कुछ ही घंटे बाद दोनों ने अपने-अपने घरों में फांसी लगा ली। मगर, यह जानकारी परिजनों को सोमवार को लगी। इससे पूरे गांव में मातम पसर गया।
गांव में चर्चा, पुलिस कर रही जांच
ग्रामीणों की माने, तो दोनों के प्रेम संबंध की चर्चा पहले से थी, लेकिन उम्र का अंतर और सामाजिक मर्यादाएं इसे लेकर विवाद का कारण बनीं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
न कोई सुसाइड नोट, न कोई गवाह
अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मान रही है कि विवाद के बाद दोनों ने यह कदम गुस्से और तनाव में उठाया। फिलहाल परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
