पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवान को पैतृक गांव में दी गई अंतिम विदाई, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समेत विधायक, पदाधिकारी और हजारों लोगों ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
लखनऊ/ प्रयागराज/बरौत : देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बीएसएफ के वीर जवान गुलाम मुहम्मद को आज (बुधवार) को प्रयागराज जनपद के बरौत गांव में पूरे राजकीय सम्मान और गमगीन माहौल के बीच सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जनाजे में शामिल होकर उन्हें कंधा दिया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान हुए शहीद

बीएसएफ में तैनात जवान गुलाम मुहम्मद पश्चिम बंगाल सीमा पर तैनात थे। यहां हाल ही में वे कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हो गए। उनके शहीद होने की खबर गांव में पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आज जब उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया, तो हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी और ‘शहीद जवान अमर रहें’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति

शहीद के जनाजे में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के साथ हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद, जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, डॉ. सुरेश मौर्य, दान बहादुर मधुर, रविन्द्र यादव, नाटे चौधरी, अरविन्द वर्मा, दिलशाद खां, सुरेश यादव, संजय मौर्य, सुमित विश्वकर्मा, बृज लाल यादव, अतर सिंह, रवि यादव, असगर अली अंसारी, अकमल इमाम, पवन यादव, विजय यादव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शहीद के परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की और उन्हें भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा शहीदों और उनके परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “गुलाम मुहम्मद जैसे बहादुर सैनिकों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। देश उनकी शहादत का हमेशा ऋणी रहेगा।”
गांव और क्षेत्र में गमगीन माहौल

बरौत गांव में आज हर आंख नम थी। क्षेत्रीय लोगों ने भी भारी संख्या में शहीद के अंतिम संस्कार में भाग लिया। नम आंखों से लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और वीरता को सलाम किया। इस दौरान पूरे गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे।
