बरेली : यूपी के बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र स्थित गांव दलीपुर में रंजिश के चलते एक दिहाड़ी मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय धन सिंह के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का पेट पालने के लिए दिहाड़ी मजदूरी करता था। हत्या के दो दिन बाद उसका शव गांव से कुछ दूरी पर जंगल में पड़ा मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
गला घोंटकर दी गई मौत, फिर जहरीला इंजेक्शन भी लगाया
परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धन सिंह की हत्या पहले गला घोंटकर की गई और उसके बाद उसे जहरीला इंजेक्शन देकर पूरी तरह से मौत के घाट उतारा गया। शव की हालत देख कर पुलिस को आशंका है कि वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।
होली पर हुआ था विवाद, रंजिश में ली गई जान
परिजनों के अनुसार होली के मौके पर गांव के ही प्रेमपाल और उसके बेटे धीर सिंह के साथ धन सिंह का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी रंजिश के चलते पिता-पुत्र ने मिलकर धन सिंह की हत्या कर दी।
लकड़ी कटवाने के बहाने बुलाया, फिर हुआ गायब
धन सिंह के भाई ने बताया कि दो दिन पहले प्रेमपाल और धीर सिंह ने उसे लकड़ी कटवाने के बहाने घर से बुलाया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा, जब परिजनों ने खोजबीन की तो आरोपियों ने बताया कि उन्होंने उसे 3,000 रुपये देकर घर भेज दिया है। इसके बाद रविवार को ग्रामीणों को गांव से कुछ दूरी पर जंगल में एक शव पड़ा मिला, जिसकी शिनाख्त धन सिंह के रूप में हुई।
शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
शव मिलने की सूचना पर भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। मृतक के भाई की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ेगी कार्रवाई
थाना भमोरा प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असल कारण की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
धन सिंह की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पांच मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। बच्चों की आंखों में पिता को ढूंढती मासूमियत गांव के हर व्यक्ति की आंखें नम कर रही है।
गांव में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
हत्या के बाद गांव में तनाव का थाना भमोरा प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के असल कारण की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
