हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें ट्रक की टक्कर से ऑटो पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर हुआ हादसा
हादसा हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर स्थित हरदलमऊ गांव के पास हुआ। यह मार्ग क्षेत्र में बेहद व्यस्त माना जाता है और यहां ऑटो का आवागमन काफी सामान्य है। गुरुवार को एक ऑटो नौ सवारियों को लेकर संडीला की ओर जा रहा था, तभी हरदलमऊ गांव के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे सामने से टक्कर मार दी।
ऑटो पलटते ही मच गई चीख-पुकार
भारी टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद चीख- पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शवों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान जारी
फिलहाल मृतकों की पहचान का कार्य जारी है। पुलिस के अनुसार अब तक दो मृतकों की पहचान हो पाई है।इसमें ऑटो चालक रंजीत (27 वर्ष) निवासी बाजरखेड़ा, कासिमपुरनिसार (35 वर्ष) निवासी बनवा, कछौना अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस प्रयासरत है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, ट्रक चालक फरार
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम है और कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही, सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने की बात कही है।
