लखनऊ/बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिरसली गांव में ताबड़तोड़ गोलियों की गूंज सुनाई दी, जब गांव के मौजूदा प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा (48 वर्ष) की सरेआम हत्या कर दी गई। प्रधान की हत्या गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर की। इस हमले में एक अन्य ग्रामीण विनीत को भी गोली लगने से गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रधानी चुनाव लड़ने की घोषणा बनी हत्या की वजह

घटना उस वक्त हुई जब धर्मेंद्र तोमर गांव के बाहरी छोर पर टेंपो स्टैंड के पास मौजूद सेवानिवृत्त एसआई तेजवीर सिंह के घर के बाहर करीब 15 ग्रामीणों के साथ बैठकर ताश खेल रहे थे। इस दौरान उन्होंने दोबारा प्रधानी का चुनाव लड़ने की घोषणा की और कहा, “मैं सिरसली का प्रधान हूं, और फिर से चुनाव लड़ूंगा।” इसी बात को लेकर हिस्ट्रीशीटर आयुष और उसके साथी ने गुस्से में आकर पिस्टल निकाली और धर्मेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
प्रतिरोध करने पर विनीत को भी मारी गोली
धर्मेंद्र तोमर पर हमला होते ही वहां मौजूद सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे विनीत ने जब हमलावरों को रोकने की कोशिश की, तो उसे भी गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल विनीत को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल
हत्या के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी है।
हिस्ट्रीशीटर आयुष और उसका साथी फरार
पुलिस ने बताया कि आयुष पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित है और एक घोषित हिस्ट्रीशीटर है। वारदात के बाद वह अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
राजनीतिक रंजिश से जुड़ा मामला
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या की मुख्य वजह राजनीतिक रंजिश हो सकती है। धर्मेंद्र तोमर ने दोबारा चुनाव लड़ने की बात की थी। जिससे आयुष और उसके गुट के लोगों में नाराज़गी थी। स्थानीय प्रशासन इस एंगल से भी मामले की जांच कर रहा है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की जा रही है।
