लखनऊ/हरदोई/बुलंदशहर : यूपी में शनिवार का दिन दो भीषण सड़क हादसों के नाम रहा। हरदोई और बुलंदशहर जिलों में अलग-अलग घटनाओं में कुल 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही संबंधित पुलिस प्रशासन और परिजन मौके पर पहुंचे। घायलों का इलाज अस्पतालों में जारी है।
हरदोई में शादी से लौटते समय पलटी कार, 6 की मौत

यूपी के हरदोई जिले के शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के आलमनगर मार्ग पर शनिवार सुबह एक बेकाबू कार गाजीपुर के पास पलट गई। कार में कुल 11 लोग सवार थे जो मंझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव से शादी समारोह के बाद पाली लौट रहे थे। हादसे में दो सगे भाइयों समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। इस हादसे में जितेंद्र (35 वर्ष) पुत्र रघुवीर, सिद्धार्थ (5 वर्ष) पुत्र जितेंद्र, आकाश (22 वर्ष) पुत्र रघुवीर, रामू (25 वर्ष) पुत्र विश्राम (ड्राइवर), जौहरी (40 वर्ष) पुत्र रामलाल, उदयवीर (18 वर्ष) पुत्र अमरीश की मौत हो गई, जबकि नरेंद्र (18 वर्ष), रंजीत (18 वर्ष), अमन (21 वर्ष), परविंद (18 वर्ष),नीरज (17 वर्ष), अनिल (24 वर्ष) (नीरज का मौसेरा भाई) घायल है।
लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बुलंदशहर में ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई कार, 3 की मौत, स्कूटी सवार भी घायल
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। ओरियंटबेल फ्लाईओवर पर सीमेंट के पोल से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में पंचर के चलते अचानक रुकावट आ गई। जिसके चलते पीछे से आ रही तेज रफ्तार इको कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। समझ सचिन (25 वर्ष), निवासी गांव पचगई, थाना शिकारपुर, अमित (35 वर्ष), निवासी गांव अमरपुर, थाना पहासू और दीनानाथ (45 वर्ष), निवासी दादरी, गौतमबुद्ध नगर की मौत की बात सामने आई है।
घटना देखने के दौरान स्कूटी सवार को टक्कर
हादसे के समय सड़क किनारे खड़ा एक स्कूटी सवार व्यक्ति भी चपेट में आ गया। पीछे से आ रहे वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुट गई है।
मायूस करने वाला शनिवार, घरों में पसरा मातम
हरदोई और बुलंदशहर के ये हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा की गंभीर चुनौतियों को उजागर करते हैं। दोनों घटनाओं में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन प्रमुख कारण नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस प्रशासन ने दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]()
