लखनऊ : यूपी के कई जिलों में बुधवार को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया। लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, कुशीनगर, बरेली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, और शामली समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने, घरों के क्षतिग्रस्त होने और बिजली आपूर्ति ठप होने की खबरें सामने आई हैं। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेन संचालन भी प्रभावित हुआ है।
लखीमपुर खीरी में पिता-पुत्री और बुजुर्ग महिला की मौत
यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन और मझगईं थाना क्षेत्रों में तेज आंधी के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। गांव छेदुई पतिया फार्म निवासी रक्षपाल सिंह (45 वर्ष) अपने परिवार के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। आंधी में दीवार और छप्पर गिरने से उनकी 10 वर्षीय पुत्री रमनदीप की मौके पर मौत हो गई। रक्षपाल सिंह ने भी अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। पत्नी सर्वजीत कौर, दूसरी पत्नी सीता कौर और बेटा गुरजीत (13) घायल हैं। जिनका इलाज निघासन सीएचसी में चल रहा है। गांव ग्रंट नंबर 12 की फुलवासा (80 वर्ष) टीनशेड के नीचे सो रही थीं। आंधी में शेड और ईंटें गिरने से गंभीर घायल हुईं। उनकी फूलबेहड़ सीएचसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रेलवे यातायात प्रभावित, पेड़ गिरे
पलिया-मैलानी-नानपारा रेल मार्ग पर पेड़ों के गिरने से कई ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। शारदा पुल, पलिया रेलवे स्टेशन के पास और अन्य क्षेत्रों में पेड़ गिरने से ट्रैक जाम हो गया। रेल कर्मियों और स्थानीय लोगों द्वारा कटाई का कार्य जारी रहा।
वेस्ट यूपी में तबाही, सहारनपुर में बिजली गिरने से दो की मौत
सहारनपुर के खजूरी गांव में 65 वर्षीय अनिल और कुरड़ी गांव के 30 वर्षीय अंकित की बिजली गिरने से मौत हो गई। एक अन्य युवक झुलस गया। इसके अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर,मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और शामली में तेज हवाओं, ओलावृष्टि और बारिश के कारण पेड़, होर्डिंग।और बिजली के खंभे गिर गए। इसके साथ ही शहर से लेकर देहात तक ब्लैक आउट हो गया है। कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं और बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही।बरेली में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति पूर्णतः बाधित हो गई, कई इलाकों में अंधेरा छा गया।
कुशीनगर में दो लोगों की मौत
यूपी के कुशीनगर में भी दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके अलावा कुशीनगर और कौशांबी में तेज हवाओं से काफी नुकसान हुआ है।
प्रशासन अलर्ट पर, राहत कार्य जारी
राज्य के प्रभावित जिलों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तत्काल राहत कार्य में जुटी हैं। रेलवे विभाग द्वारा ट्रैक क्लियरिंग, बिजली विभाग द्वारा लाइन मरम्मत, और लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क मार्ग बहाली का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
![]()
