लखनऊ : राजस्थान के जयपुर के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में खाटू श्याम के दर्शन को जा रहे एक परिवार के तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और उसके दो बेटे शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि श्रद्धालु समाज और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए श्रद्धालु परिवार जयपुर होते हुए राजस्थान की ओर रवाना हुआ था। जयपुर के पास टोंक रोड पर इनकी कार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग घायल हैं।
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

हादसे में जिन श्रद्धालुओं की मौत हुई है, वे सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे में ललिता देवी (मां), राहुल उर्फ अमन (36 वर्ष) और दीपक उर्फ पारुल (32 वर्ष) के रूप में पहचान हुई है। इसमें राहुल की पत्नी, बेटा और साला घायल है। तीनों श्रद्धा और भक्ति के साथ खाटू श्याम बाबा के दर्शन को जा रहे थे।
स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू, पुलिस पहुंची मौके पर
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मगर, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
शोक की लहर, श्रद्धालुओं में व्याप्त है दुःख
इस दर्दनाक दुर्घटना से खाटू श्याम जा रहे हजारों श्रद्धालुओं के बीच गहरा दुःख और आक्रोश है। धार्मिक संगठनों ने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है और प्रशासन से मांग की है कि ट्रक चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। जयपुर पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें। श्रद्धालु संगठनों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि में वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और भीड़भाड़ वाले धार्मिक मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
![]()
