लखनऊ/ मुजफ्फरनगर : यूपी के मुजफ्फरनगर में जनाक्रोश रैली के दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता चौधरी राकेश टिकैत पर हुए हमले ने देशभर के किसानों को झकझोर दिया है। इस घटना की किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे किसान आंदोलन को कमजोर करने की सुनियोजित साजिश करार दिया है।
“राकेश टिकैत को हत्या की नीयत से बनाया गया निशाना”
पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने कहा कि यह हमला एक व्यक्तिगत नेता पर नहीं बल्कि पूरे किसान आंदोलन और लोकतंत्र की आत्मा पर हमला है। उन्होंने कहा कि किसान नेता टिकैत ने स्वयं यह स्पष्ट किया है कि हमलावर नशे की हालत में थे और उनकी हत्या की नीयत से भेजे गए थे। फिर भी टिकैत ने कहा कि “हम किसान की दम पर आंदोलन को और मजबूत करेंगे।”
हमलों का सिलसिला: टिकैत को बार-बार बनाया गया निशाना
उन्होंने कहा राकेश टिकैत पर यह पहला हमला नहीं है। 2 अप्रैल 2021 को अलवर (राजस्थान) में उनके काफिले पर हमला किया गया था, और 30 मई 2022 को बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर स्याही फेंकी गई थी। इन घटनाओं से यह साफ है कि एक रणनीति के तहत उन्हें बार-बार निशाना बनाया जा रहा है ताकि किसान आंदोलन की आवाज़ को दबाया जा सके।
हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
किसान संघर्ष समिति के डॉ. सुनीलम ने कहा कि हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। किसान नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर हमलावरों को न पकड़ना यह दर्शाता है कि उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
“हम डरने वाले नहीं हैं” – डॉ. सुनीलम
पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने सरकार को चेतावनी दी कि इस प्रकार के हमले किसानों के संकल्प को तोड़ नहीं सकते। उन्होंने कहा कि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, कर्जा माफी, और भूमि अधिग्रहण पर रोक के लिए लड़ते रहेंगे। “इतिहास गवाह है कि किसानों पर गोलियां चलीं, मगर किसान झुका नहीं। इस बार भी हम नहीं डरेंगे, हम और मज़बूती से लड़ेंगे,” उन्होंने कहा कि किसान संघर्ष समिति ने ऐलान किया है कि वे इस घटना के विरोध में विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे और हमलावरों की गिरफ्तारी तथा किसान नेताओं की सुरक्षा के लिए देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाएंगे।
