लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसान नेता राकेश टिकैत के साथ एक दिन पहले मुजफ्फरनगर में हुई पगड़ी गिरने की घटना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसी एक किसान नेता की नहीं, बल्कि हर एक किसान की “पगड़ी उछाली” है। उनका यह बयान उत्तर प्रदेश के किसानों के बीच गूंज रहा है। जिन्होंने एक बार फिर अपने हक की आवाज़ बुलंद की है। यह बयान समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
चौधरी चरण सिंह ने जीवन भर किसानों के मान-सम्मान को संघर्ष किया
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “परम आदरणीय चौधरी चरण सिंह ने जीवन भर किसानों के मान-सम्मान के लिए संघर्ष किया। भाजपा का यह रवैया सिर्फ वर्तमान आंदोलन पर हमला नहीं है, बल्कि उस ऐतिहासिक विरासत पर भी चोट है, जिसे चौधरी साहब ने खड़ा किया।”
“ग़ाज़ीपुर से गाजीपुर तक किसान नहीं भुला”
उन्होंने ग़ाज़ीपुर बॉर्डर का जिक्र करते हुए कहा कि “ग़ाज़ीपुर से ग़ाज़ीपुर तक उत्तर प्रदेश का हर किसान आंदोलित है। कोई और भले लाठी का वार और तिरस्कार भूल जाए, लेकिन सच्चा किसान उसे कभी नहीं भूलेगा।” उन्होंने इस व्यवहार को “निंदनीय” करार दिया। इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और किसान संगठनों में भी हलचल देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर “किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!” जैसे नारे ट्रेंड कर रहे हैं।
