नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सीमा तनाव के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। यह फैसला देश की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लिया गया है। जिसमें बीसीसीआई ने खेल से ज़्यादा राष्ट्रीय सुरक्षा और भावना को प्राथमिकता दी है।
आज का मैच होगा या नहीं? स्थिति पर नजर रखे हुए है बोर्ड
गुरुवार शाम लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच मैच प्रस्तावित था। हालांकि, इस फैसले के बाद इस मैच को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस बारे में पूछे जाने पर आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा, “फिलहाल यह मैच खेला जाएगा, लेकिन हालात तेजी से बदल रहे हैं। हम सभी हितधारकों की सुरक्षा और भावना को ध्यान में रखते हुए हर निर्णय ले रहे हैं।”
एयरस्ट्राइक के बाद रोका गया था एक मैच
इससे पहले भारत द्वारा एयरस्ट्राइक किए जाने की खबर के बाद पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स का मैच भी बीच में रोक दिया गया था। यह घटनाक्रम देश में बढ़ते सैन्य तनाव के चलते लिया गया पहला बड़ा फैसला था।
BCCI का स्पष्ट संदेश: “जब देश युद्ध में हो, क्रिकेट नहीं चल सकता”
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया, “यह उचित नहीं लगता कि जब देश युद्ध के कगार पर हो, तब हम क्रिकेट का जश्न मनाएं।”बीसीसीआई ने यह भी स्पष्ट किया कि अनिश्चितकाल का स्थगन का अर्थ यह है कि फिलहाल आईपीएल के बाकी मैच नहीं होंगे, लेकिन स्थिति सामान्य होने पर इन मुकाबलों को फिर से आयोजित किया जा सकता है।
फैंस और फ्रेंचाइजियों में मायूसी, लेकिन देश सर्वोपरि
आईपीएल के स्थगन की खबर से देशभर के क्रिकेट प्रेमियों और फ्रेंचाइजियों में मायूसी फैल गई है। हालांकि, ज्यादातर लोगों ने इस फैसले का समर्थन किया है और कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और एकता पहले आती है। सोशल मीडिया पर भी #IPLPostponed और #NationFirst जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं।
