गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की सबसे अच्छी प्रतिमा लगवाने का वायदा, बोले, न जोड़ने वाले इतिहास को छोड़ दें”
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महाराणा प्रताप जयंती के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कई अहम मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखे प्रहार किए। सपा मुख्यालय में आयोजित क्षत्रिय प्रबुद्ध सम्मेलन में उन्होंने कहा कि “राजनीति में महापुरुषों को नहीं लाना चाहिए। इसके साथ ही महापुरुषों के नाम पर किसी भी दल को राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए। सभी महापुरुष हमारे हैं, किसी एक जाति या पार्टी के नहीं।” बोले, जो इतिहास जोड़ता नहीं हो, उसे छोड़ देना चाहिए। उन्होंने दो महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन के अवकाश की बात कही।
महापुरुषों का सम्मान, राजनीतिक लाभ से ऊपर हो
सपा प्रमुख ने साफ शब्दों में कहा कि महाराणा प्रताप जैसे वीर योद्धा सिर्फ एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। “अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनी, तो गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की देश की सबसे भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उनके हाथ में सोने की चमकती हुई तलवार होगी, जो देश के स्वाभिमान और साहस का प्रतीक होगी।” उन्होंने महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी की।
भाजपा पर तीखा हमला: “ना नौकरी एजेंडे में, ना कारोबार”
सपा प्रमुख ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी कभी कारोबार को बढ़ावा नहीं दे सकती। क्योंकि, कारोबार जोड़ता है, और भाजपा लोगों को जोड़ने के बजाय तोड़ने का काम करती है।”उन्होंने आगे कहा, “नौकरी भाजपा के एजेंडे में कभी रही ही नहीं है। वे युवाओं को रोजगार देने के बजाय सिर्फ जुमलेबाज़ी करते हैं।”
गुपचुप एलओआई जारी करने का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि जब देश युद्ध जैसे हालातों से जूझ रहा है। सरकार उस समय “गुपचुप तरीके से एलओआई (आशय पत्र)” जारी कर रही है, जो पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है।
सपा के क्षत्रिय सम्मेलन में कई वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी
शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पर क्षत्रिय प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह और पूर्व सांसद अरविंद सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
देश की सेना पर गर्व
सपा प्रमुख ने कहा कि हमें अपने देश की बहादुर सेना पर गर्व है। हम सब देश के साथ हैं। आपदा समझदारी की और भी अधिक मांग करता है। सभी देशवासियों से अपील की कि अपुष्ट समाचार और सूचना पर न तो विश्वास करें, और ना ही आगे प्रचारित और प्रसारित करें। ऐसा समाचार देश के दुश्मनों के द्वारा फैलाए गए झूठ भी हो सकते हैं। मतलब, यह दुश्मन की चाल या साजिश भी हो सकती है। किसी भी बहकावे में न आएं। अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदार बनें और अच्छा व्यवहार करें, स्वयं शांत रहे और दूसरों को भी शांति से रहने के लिए प्रेरित करें
अटल बिहारी वाजपई स्टेडियम पर भी उठाए सवाल
पूर्व सीएम ने कहा कि नाम बदलने से पहचान नहीं बदल जाती। अटल बिहारी वाजपई स्टेडियम को इकाना स्टेडियम के नाम से लोग आज भी जानते हैं। इससे यह साफ है के नाम बदलने से विरासत नहीं बदलती। उन्होंने पड़ोसी देशों के साथ बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई और सवाल किया। क्या हम आने वाली पीढ़ियों को पर्याप्त सुरक्षा दे पाएंगे। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस रणनीति तैयार करने की बात कही।
