सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, भाजपा सरकार के विकास और पर्यावरण संरक्षण के दावों की पोल खोल रही है जमीनी हकीकत, गंगा-यमुना की सफाई से लेकर गोमती रिवरफ्रंट तक घेरा
लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विकास योजनाएं सिर्फ विज्ञापनों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर न तो जनजीवन की सुरक्षा है और न ही पर्यावरण संरक्षण की कोई ठोस पहल दिखाई देती है।
“भाजपा सरकार सिर्फ दिखावे की राजनीति कर रही है”
एसपी चीफ ने कहा, “भाजपा सरकार के पास न विकास की कोई योजना है और न ही पर्यावरण या नागरिक जीवन को बेहतर बनाने का कोई विजन। वह सिर्फ बयानबाजी और महंगे विज्ञापनों से अपनी नाकामी छिपा रही है।”
“गंगा नहीं साफ, फंड साफ” – नमामि गंगे योजना पर सवाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नमामि गंगे योजना पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये बहा दिए गए लेकिन गंगा का पानी आज भी साफ नहीं हुआ। “भाजपा सरकार के लिए गंगा महज एक राजनीतिक मुद्दा बन गई है। सफाई के नाम पर सिर्फ फंड की सफाई हो रही है,” उन्होंने आरोप लगाया।
गोमती और यमुना की स्थिति चिंताजनक
सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश की नदियों की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य की 100 से अधिक छोटी-बड़ी नदियां अस्तित्व संकट से जूझ रही हैं। लखनऊ की गोमती नदी जलकुंभी और दुर्गंध से भरी है, जबकि बागपत में यमुना नदी में हजारों मछलियों की मौत भाजपा सरकार की उपेक्षा नीति को उजागर करती है।
“वृक्षारोपण औपचारिकता बनकर रह गया”
पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ कागज़ी वृक्षारोपण कर रही है। “हर साल वन क्षेत्र घट रहा है, हरियाली का लक्ष्य कोसों दूर है। जलवायु परिवर्तन के गंभीर असर अब साफ़ नजर आ रहे हैं। ऋतुचक्र बिगड़ चुका है, तापमान बढ़ गया है और पशु-पक्षी से लेकर मानव जीवन तक संकट में है।”
“समाजवादी सरकार के कार्य बन सकते हैं मॉडल”
उन्होंने ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सत्ता में रहते हुए कई ऐसे काम किए जो पर्यावरण और विकास के संतुलन का आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने निम्नलिखित उदाहरण दिए। इसमें बुंदेलखंड में रिकार्ड वृक्षारोपण, जनेश्वर मिश्र और डॉ. लोहिया पार्क जैसे हरित स्थल,गोमती रिवरफ्रंट परियोजना, जिससे लखनऊ को नई पहचान मिली। पुराने शाही सरोवरों का जीर्णोद्धार और और प्रदूषण रहित परिवहन के लिए साइकिल ट्रैक का निर्माण
“भाजपा को विकास नहीं, सपा के कामों पर कब्जा करना आता है”
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कामों को बर्बाद कर रही है या अपने नाम से प्रचारित कर रही है। “गोमती रिवरफ्रंट समाजवादी सरकार की एक खूबसूरत सौगात थी जिसे भाजपा सरकार ने उपेक्षित कर दिया है,” श्री यादव ने कहा।
2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर देंगे जनता जवाब
समापन में अखिलेश यादव ने दावा किया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर राजनीतिक प्रदूषण से मुक्ति दिलाएगी। उन्होंने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि वे पर्यावरण और विकास के वास्तविक हितैषी, समाजवादी विचारधारा का साथ दें।
![]()
