बरेली : यूपी के बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने राजस्व निरीक्षक नरेंद्र पाल गंगवार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम करीब 6 बजे की गई, जब आरोपी को रिठौरा कस्बे के ईदगाह तिराहे के पास 10 हजार रुपये लेते पकड़ा गया।
पैमाइश के नाम पर मांगी रिश्वत
पीड़ित रिठौरा निवासी पूरनलाल शर्मा ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन को शिकायत दी थी कि राजस्व निरीक्षक नरेंद्र पाल गंगवार ने उनकी कृषि भूमि की पैमाइश कराने के बदले 10,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सीओ एंटी करप्शन के निर्देशन में इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम बनाई गई, जिसने पूरी योजना को गोपनीय ढंग से अंजाम दिया। टीम ने जैसे ही शिकायतकर्ता द्वारा तय की गई रिश्वत की राशि आरोपी को सौंपे जाने की पुष्टि की, वैसे ही मौके पर दबिश देकर उसे रंगेहाथ रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से पूरे 10 हजार रुपये बरामद किए गए।
गांव से लेकर सरकारी दफ्तर तक कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए आरोपी नरेंद्र पाल गंगवार मूल रूप से ग्राम मुढ़िया तेली, थाना नवाबगंज, जनपद बरेली का रहने वाला है और वर्तमान में रिठौरा राजस्व क्षेत्र में निरीक्षक के पद पर तैनात था। उसके खिलाफ थाना इज्जतनगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में FIR दर्ज की गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की सख्त नीति के तहत भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी ने रिश्वत मांगी है, तो वे तुरंत इसकी शिकायत करें। शिकायत दर्ज करने के लिए 9454405475, 9454401653 नंबर जारी किए हैं।
