बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र के काकर टोला मोहल्ले में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े एक जरी कारीगर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरशद (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोहल्ले में ही एक जरी कारखाने में कारीगर के तौर पर कार्यरत था।
खाने के बाद लौटते वक्त हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अरशद शनिवार को दोपहर का भोजन करने के बाद अपने कारखाने की ओर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी आमिर ने अचानक उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
एक महीने पुरानी रंजिश बनी जानलेवा
मिली जानकारी के अनुसार, 12 रबीउल अव्वल के मौके पर किसी मामूली बात को लेकर अरशद और आमिर के बीच कहासुनी हुई थी। तभी से आमिर के दिल में रंजिश पल रही थी, जिसे उसने शनिवार को खौफनाक अंजाम तक पहुंचा दिया। वहीं, मानुष पारीक एसपी सिटी की जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।
इलाज के दौरान हुई मौत, मोहल्ले में मातम
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल अरशद को स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। अरशद की मौत की खबर फैलते ही काकर टोला मोहल्ले में मातम छा गया और लोगों में आक्रोश फैल गया।
आरोपी आमिर गिरफ्तार, चाकू बरामद
घटना की सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी आमिर को मौके से ही दबोच लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा। बारादरी थाना प्रभारी ने कहा कि “यह पूरी तरह से पुरानी रंजिश का मामला है। हमने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
![]()
