परिजनों में गुस्सा, हाइवे जाम की कोशिश
बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक गंभीर हादसा हो गया। बरेली-दिल्ली नेशनल हाईवे के किनारे स्थित न्यू गंगवार ब्रिक्स ईंट भट्ठे की दीवार अचानक ढह गई। इससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की खबर मिलते ही एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद दीवार के नीचे दबे मजदूरों को निकालकर इलाज को भर्ती कराया गया। मगर, इसमें एक घायल की मौत हो गई।मृतक मजदूर की पहचान फतेहगंज पश्चिमी के धनेटा गांव निवासी छोटे लाल के रूप में हुई है। हादसे से खफा मृतक के परिजनों ने बरेली- दिल्ली हाइवे पर शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की। मगर, पुलिस ने लोगों को काफी मुश्किल से शांत किया।
चार घंटे बाद मिला एक घायल
भट्ठे की दीवार गिरने के बाद पुलिस ने रेस्क्यू किया। काफी कोशिश के बाद चार घायलों को निकाला गया। मगर, एक मजदूर नहीं मिला। करीब चार घंटे बाद पांचवां मजदूर निकाला। बताया जाता है कि दो और मजदूरों को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए शहर के अस्पताल में ले जाया जा रहा था मगर, रास्ते में उनकी मौत हो गई। इससे परिजन खफा हो गए। उन्होंने हाइवे पर शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की। इसके साथ ही एंबुलेंस पर भी पथराव किया। मगर, पुलिस ने परिजनों को शांत कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। हादसे में घायल धनेटा निवासी अभिषेक, कल्लू, मीरगंज थाना क्षेत्र के परौरा गांग निवासी लीलाधर, बब्लू, नल नगरिया गांव इसरार और बलूपुरा गांव नन्हे बाबू को भी चोट लगी है।
एसपी साउथ ने लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे के तुरंत बाद एसपी साउथ आंशिका वर्मा, एसडीएम तृप्ति गुप्ता, सीओ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीआरएफ की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा किया। ईंट भट्ठा मालिक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। यह हादसा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम बताया जा रहा है।
