बरेली। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने जिले की तहसील नवाबगंज के ग्राम अधकटा नजराना में नवनिर्मित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनिल राजभर ने कार्यदायी संस्था को अटल आवासीय विद्यालय के समस्त कार्यों को गुणवत्ता परक तरीके से पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रांगण में स्थित लान की साफ-सफाई कराने तथा पुष्प लगवाये जाने हेतु निर्देशित किया , जिससे कि विद्यालय प्रांगण कि शोभा बढ़ जाये।विद्यालय आने वाली सड़क की मरम्मत भी कराये जाने के निर्देश दिए गए।
राजभर ने निर्देश दिए कि विद्यालय में बने हास्टल व भोजनालय कक्ष की साफ-सफाई की व्यवस्था उचित रखी जाये। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि विद्यालय का निर्माण कार्य बिना पूर्ण कराये हैंडओवर ना किया जाए।
निरीक्षण के समय जनप्रतिनिधियों में विधायक नवाबगंज डॉ. एम.पी. आर्य, अधिकारियों में मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी नवाबगंज अजय कुमार उपाध्याय, सहायक श्रमायुक्त बाल गोविन्द, विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षक, कार्यदायी संस्था सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
