बरेली : यूपी के बरेली रेंज को नए पुलिस मुखिया मिल गए हैं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अजय कुमार साहनी ने बरेली के आईजी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। चार्ज संभालने के बाद गुरुवार को उन्होंने मीडिया से संवाद किया और अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम पर प्रभावी रोकथाम उनकी पहली प्राथमिकता होगी। बरेली में आईजी के रूप में चार्ज संभालने पर एसएसपी अनुराग आर्य समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनको यूपी का एनकाउंटर स्पेलिस्ट माना जाता है।
साइबर क्राइम को बताया गंभीर चुनौती
गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए आईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि “आज के समय में साइबर क्राइम सबसे तेजी से उभरती आपराधिक चुनौती है। यह आमजन, खासकर युवाओं और बुजुर्गों को तेजी से निशाना बना रहा है। इसे रोकना हमारी शीर्ष प्राथमिकता होगी।”उन्होंने बताया कि बरेली रेंज में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सुनियोजित रणनीति पर काम किया जाएगा। अपराधियों की पहचान, ट्रैकिंग और सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाई जाएगी।
स्कूलों में चलाया जाएगा साइबर जागरूकता अभियान
नए आईजी अजय साहनी ने बताया कि साइबर अपराध से निपटने के लिए जनजागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। इसके लिए वह स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि “हम छात्रों को साइबर सुरक्षा की जानकारी देंगे। मैं स्वयं समय-समय पर स्कूलों का दौरा करूंगा और विद्यार्थियों से संवाद करूंगा, ताकि वे इन खतरों को समझें और सुरक्षित रहें।”
समाज में सौहार्द बनाए रखना आवश्यक: आईजी साहनी
आईजी अजय कुमार साहनी ने आमजन से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुराफात और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।“कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी नागरिक शांति और सहयोग से रहें। यही हमारी साझा जिम्मेदारी है।”
लंबे समय से प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जुड़े रहे
आईजी अजय कुमार साहनी उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुभवी अफसरों में गिने जाते हैं। वे विभिन्न जिलों में बतौर एसपी, डीआईजी और आईजी कार्य कर चुके हैं। उनके कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में सुधार और जनसुनवाई के बेहतर मानक देखने को मिले हैं।
