सपा प्रमुख बोले, हम फौज के साथ, लेकिन राजनीतिक फायदा किसी को नहीं लेना चाहिए
भ्रष्टाचार और महंगाई पर सरकार को घेरा, निजीकरण को लेकर कसा तंज
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। बोले, अगला चुनाव ‘योगी बनाम प्रतियोगी’ के रूप में लड़ा जाएगा। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दों को मुख्यधारा में लाने की बात कही और युवाओं से भाजपा के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
“हर गांव-घर तक पहुंचाएंगे सपा का संदेश”

समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा शासन में विकास नहीं, विनाश हो रहा है। निजीकरण के जरिए शिक्षा, रोजगार और आरक्षण को खत्म किया जा रहा है। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता और युवा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को सच्चाई बताएंगे। पीडीए की ताकत से हम भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।”
निजीकरण पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र को निजी हाथों में सौंप रही है। जिससे आम नागरिक शिक्षा, इलाज और रोजगार से वंचित हो रहा है: “आज पढ़ाई महंगी है, रोजगार नहीं है। नौजवान डिलीवरी ब्वॉय बनने को मजबूर हैं। भाजपा की नीति में आरक्षण और नौकरियों का कोई स्थान नहीं। यह सरकार अनुपयोगी और अयोग्य है।”
भ्रष्टाचार और महंगाई पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में संगठित भ्रष्टाचार बेलगाम है। जिससे महंगाई बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रदेश के अस्पतालों की बदहाली पर भी चिंता जताई। “मुख्यमंत्री के खुद के क्षेत्र गोरखपुर से लोग इलाज के लिए लखनऊ आते हैं। सोचिए बाकी प्रदेश की स्थिति क्या होगी। राजधानी का कैंसर इंस्टीट्यूट समाजवादी सरकार की देन है।”
साइबर क्राइम में यूपी टॉप पर – सरकार लाचार

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार की आलोचना की। बोले, “यूपी साइबर फ्रॉड में नंबर वन हो गया है, लेकिन सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।”
आतंकवाद पर स्पष्ट रुख हम “फौज के साथ खड़े हैं, न बनाएं राजनीतिक मुद्दा”

सपा प्रमुख ने आतंकवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि “आतंकवाद का समूल नाश जरूरी है। भारत सरकार की नीतियों और सेनाओं के साथ हम खड़े हैं। सीमा सुरक्षित होनी चाहिए और हमारी फौज का मनोबल ऊंचा रहना चाहिए। लेकिन किसी भी राजनीतिक दल को इसका फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।”उन्होंने यह टिप्पणी उस संदर्भ में की जब भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। उन्होंने सरकार के इस कदम का समर्थन करते हुए युद्ध को राजनीतिक इवेंट न बनाने की नसीहत दी।
युवाओं से अनुशासन और संवाद की अपील

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने युवाओं से संवाद, अनुशासन और आदरपूर्वक आचरण की अपील करते हुए कहा कि“जो लोग शिक्षा में बदलाव और गुणवत्ता चाहते हैं, वे एकजुट होकर सरकार को बदलें।” इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा, राजेन्द्र चौधरी, श्याम लाल पाल,पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह,विधायक रविदास मेहरोत्रा, अभिषेक मिश्र, पवन पाण्डेय, पूर्व एमएलसी सुनील साजन, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह, पूजा शुक्ला, डॉ. राजवर्धन, और जयवीर सिंह सहित कई प्रमुख नेता मंच पर उपस्थित रहे।
