लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह भ्रम का प्रचार कर लोकतंत्र को कमजोर करने और संविधान बदलने की साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आरएसएस और भाजपा का असली एजेंडा नफरत फैलाना और आरक्षण समाप्त करना है। वह गुरुवार को डॉ. लोहिया सभागार, लखनऊ में छात्रसभा की राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है, लेकिन इसके लिए बूथ स्तर तक सजगता जरूरी है।
भाजपा लोकतंत्र विरोधी, छात्र संघ की बहाली तक नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा सरकार छात्रों की समस्याओं को अनदेखा कर रही है। छात्रसंघ जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बहाल नहीं किया जा रहा। यही वह सरकार है, जो युवाओं का भविष्य छीन रही है।”उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ही भाजपा के खिलाफ सबसे मजबूत जनाधार वाला विकल्प है और छात्र नेताओं को इसके लिए अभी से तैयारी में लग जाना चाहिए।
नौकरी नहीं, पढ़े-लिखे युवा डिलीवरी ब्वॉय बन रहे हैं

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। “पढ़े-लिखे नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही। उन्हें मजबूरी में डिलीवरी ब्वॉय बनना पड़ रहा है। यही भाजपा मॉडल है?”। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार में ही उत्तर प्रदेश में असली विकास हुआ था। सड़क, बिजली, अस्पताल और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उन्हीं की सरकार में मजबूत हुई थीं।
जातीय जनगणना पीडीए के दबाव की जीत

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जातीय जनगणना के लिए पीडीए के दबाव में झुकी है। यह सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके लिए अब छात्रों और युवाओं को जनजागरूकता बढ़ाने की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।
सामाजिक चेतना और न्याय की लड़ाई में छात्रों की भूमिका अहम

अखिलेश यादव ने छात्रों से कहा कि अब समय आ गया है जब गांव-गली, मोहल्लों में जाकर हर व्यक्ति को पीडीए से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा, “छात्रों को स्वाभिमान, सम्मान और सामाजिक चेतना का वाहक बनकर, समाजवादी सरकार बनाने के लिए एकजुट प्रयास करने होंगे।”
भाजपा का पन्ना प्रमुख मॉडल फेल, 2027 में सपा सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को झटका लग चुका है और वह बौखलाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि “2027 में सपा की सरकार बनना तय है। भाजपा के ‘पन्ना प्रमुख’ जैसे कार्यक्रम अब बेअसर हो चुके हैं।”
वरिष्ठ नेताओं और छात्र पदाधिकारियों की रही बड़ी भागीदारी

इस बैठक में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता किरणमय नंदा, राजेन्द्र चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, अभिषेक मिश्र, रविदास मेहरोत्रा, पवन पाण्डेय, सुनील साजन, उदयवीर सिंह, पूजा शुक्ला, डॉ. राजवर्धन, जयवीर सिंह समेत कई नेता मंच पर उपस्थित रहे। बैठक में छात्रसभा और अन्य समाजवादी छात्र संगठनों के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इसमें डॉ. इमरान (राष्ट्रीय अध्यक्ष, छात्रसभा), विनीत कुशवाहा (प्रदेश अध्यक्ष, छात्रसभा), अनीस राजा (प्रदेश अध्यक्ष, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड), सिद्धार्थ सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड), अभिषेक यादव (राष्ट्रीय अध्यक्ष, लोहिया वाहिनी), मोहम्मद फहद (राष्ट्रीय अध्यक्ष, युवजन सभा) सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता और प्रतिनिधि मौजूद थे। सभी ने अखिलेश यादव को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
