मिर्जापुर/लखनऊ : यूपी के मिर्जापुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शिक्षक युवक ने प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में युवती के भाई को गोली मार दी। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि चील्ह थाना परिसर में घटना हुई है, जहां दो दिन से पंचायत चल रही थी। गोली चलने से थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मगर, पुलिस ने थाने में गोली चलने से इनकार किया है। एसएसपी सोमेन वर्मा ने “The Justice Hindi” को बताया कि परिजनों द्वारा लगाया गया आरोप कि हमला थाने के अंदर पुलिस की मौजूदगी में हुआ, भ्रामक और तथ्यहीन है। पुलिस ने इस पूरे मामले पर अपना पक्ष सोशल मीडिया पर साझा किया है।
जानें पूरा मामला
यह मामला जिले के एक प्रतिष्ठित स्कूल से जुड़ा है। यहां भदोही निवासी युवक शिक्षक है और मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र की युवती भी उसी स्कूल में पढ़ाती है। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की बात सामने आने के बाद परिजनों में विवाद शुरू हुआ, जो थाने तक पहुंच गया। शनिवार को दोनों पक्षों के परिजन, ग्रामीण और एक स्थानीय नेता थाने में मौजूद रहे और सुलह के लिए पंचायत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अगले दिन रविवार को दोबारा पंचायत बुलाई गई थी।
फायर होने से अफरा तफरी, प्रेमिका के भाई को मारी गोली
परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार को जब बहस तेज हुई, तो युवक के साथ आए उसके एक साथी ने पुलिस बल की मौजूदगी में रिवॉल्वर निकाल ली और पहले पुलिस की ओर रिवॉल्वर तानी, फिर अचानक युवती के भाई को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली हाथ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भगदड़ मच गई।
पुलिस की प्रतिक्रिया और कार्रवाई
गोली चलाने वाले आरोपी युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद मिर्जापुर एसएसपी सोमेन वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और थाने को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी
पुलिस ने आरोपी युवक पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच जारी है कि हथियार कैसे लाया गया, और क्या सुरक्षा में कोई चूक हुई। इसके साथ ही CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
![]()
