लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लखनऊ का गोमती रिवरफ्रंट, जो समाजवादी सरकार की दूरदर्शिता और विकासशील सोच का प्रतीक है, आज भाजपा की लापरवाही के कारण अपने वास्तविक सौंदर्य से दूर होता जा रहा है।
गोमती की दुर्गंध ने रोका पर्यटन का प्रवाह
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गोमती नदी का जल प्रदूषित हो गया है। बदरंग पानी और दुर्गंध अब वहां जेट स्कीइंग का आनंद लेने आए लोगों के उत्साह में खलल डाल रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “शुद्धिकरण से ही सौंदर्यीकरण की शुरुआत होती है, ये बात भाजपा समझ नहीं पा रही है।”
“भाजपा को परिवार का सुख नहीं सुहाता”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को आम परिवारों की खुशहाली नहीं देखी जाती। इसलिए जब समाजवादी सरकार ने नदी किनारे परिवारों को मनोरंजन देने का प्रयास किया, तो भाजपा ने जांचों के नाम पर परियोजना को रोक दिया। उन्होंने कहा, “विद्वेषपूर्ण जांचों के बावजूद जब कुछ नहीं मिला, तो भाजपा ने जांच पर जांच का खेल शुरू कर दिया।”
“विदेशी फाउंटेन कहां गया?”
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार से पूछा कि गोमती रिवरफ्रंट पर लगने के लिए विदेश से मंगाया गया महंगा फाउंटेन कहां गायब हो गया?“नदी निगल गई या आसमान?”, ये व्यंग्य भरे लहजे में उन्होंने भाजपा से जवाब मांगा।
“झूला होता तो साबरमती नहीं, गोमती के किनारे होता”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर समाजवादी सरकार के कामों को भाजपा ने ठीक से आगे बढ़ाया होता, तो विदेशी मेहमानों का स्वागत अब गोमती किनारे झूले पर होता, ना कि गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट पर।
“घोषित करें लखनऊवासी, गोमती रिवरफ्रंट सर्वश्रेष्ठ है!”
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने लखनऊ के नागरिकों से अपील की कि वे गोमती रिवरफ्रंट को देश का सर्वश्रेष्ठ रिवरफ्रंट घोषित करें और इसकी गुणवत्ता को देखने के लिए देशभर के लोगों को आमंत्रित करें।
भाजपा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ का सिर्फ दिखावा और बंदरबांट किया गया है।“भाजपा ने नदियों की पवित्रता नष्ट की है, और जनता 2027 में इसका जवाब देगी”, उन्होंने चेतावनी दी।
