ललितपुर/लखनऊ : ‘इश्क न उम्र देखे, न रिश्ता!, इस कहावत को एक बार फिर सच कर दिखाया है यूपी के ललितपुर जिले की एक सास ने, जो अपनेसे 30 साल के प्रेमी के साथ फरार हो गईं। हैरान कर देने वाली बात ये है कि महिला अपने चारों बहुओं के गहने भी साथ ले गई और अब पूरे इलाके में यही चर्चा है कि ‘सासू मां इश्क के साथ फरार है!’
जानें पूरा मामला?
ये अनोखा प्रेम-प्रसंग ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र के एक गांव से सामने आया है। गांव के एक बुजुर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी का काफी समय से एक युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। वह अपने इस प्रेमी के साथ घर से चुपचाप निकल गईं। जाते-जाते बहुओं के कीमती जेवर और नकदी भी साथ ले गईं।
थाने से लेकर सीएम योगी तक की गई शिकायत!
बुजुर्ग राजू का आरोप है कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत थाने में की, लेकिन पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। अब उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही, पुलिस अधीक्षक से भी मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्रेमी की पत्नी भी पहुंची पुलिस के पास
इस ‘प्रेम कथा’ का दूसरा मोर्चा प्रेमी की पत्नी ने संभाला है। उसने भी पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि उसके पति ने पूरे परिवार को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया है। महिला ने अपील की है कि उसके पति को जल्द से जल्द ढूंढा जाए, ताकि घर की इज्जत बचाई जा सके।
आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ा
गांव के लोगों ने बताया कि राजू की पत्नी अंजलि का प्रेम संबंध पड़ोस में रहने वाले निशांत उर्फ गोलू नामक युवक के साथ पिछले चार वर्षों से चल रहा था। 28 मई को राजू ने अंजलि को गोलू के साथ देख लिया था। राजू दोनों को सीधे अहमदगढ़ थाने लेकर पहुंचा। मगर, वहां से मामला रफा दफा हो गया था।
गांव में बना हॉट टॉपिक
इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। गांव में लोग इस किस्से को चटकारे लेकर सुना रहे हैं। कोई इसे ‘बॉलीवुड स्क्रिप्ट’ बता रहा है, तो कोई कह रहा है ‘अब सास भी कभी बहू जैसी नहीं रहीं!’ पुलिस की निष्क्रियता पर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। जखौरा पुलिस का कहना है कि वह महिला और उसके प्रेमी की तलाश में जुटी है। फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन टीम सक्रियता से छानबीन कर रही है।
पिछली घटनाएं भी चर्चा में
बता दें कि कुछ हफ्ते पहले अलीगढ़ से भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक सास अपने होने वाले दामाद के साथ फरार हो गई थी। अब ललितपुर की यह घटना पुलिस और समाज दोनों के लिए सोचने वाली बन गई है।
